युवक के हाथों में फटा बम, हथेलियों के चीथड़े उड़े:लहूलुहान हालत में जमीन पर गिरा, तालाब पर मछली पकड़ने गया था - Mewar App

युवक के हाथों में फटा बम, हथेलियों के चीथड़े उड़े:लहूलुहान हालत में जमीन पर गिरा, तालाब पर मछली पकड़ने गया था

बांसवाड़ा में मछली पकड़ने गए युवक के हाथों में अचानक बारूदी टोटा (क्रूड बम) फट गया। इससे युवक की दोनों हथेलियों के चीथड़े उड़ गए। वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उसे हॉस्पिटल पहुंचाया। ​​​​ घटना सदर थाना क्षेत्र के बडलिया त्रिपुरा सुंदरी गांव में बुधवार दोपहर करीब 12 बजे हुई। घायल रमण (38) पुत्र बटू की हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है। हथेलियों के चीथड़े उड़े
रमण के भतीजे राजू ने बताया- मेरे चाचा रमण तालाब में मछली पकड़ने गए थे। उनके हाथ में बारूदी टोटा था। अचानक वह फट गया। उनकी हथेलियों के चीथड़े उड़ गए। गंभीर रूप से घायल चाचा खून से लथपथ होकर मौके पर ही गिर पड़े। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बारूदी टोटा से मार रहा था मछली
विस्फोटक से मछलियों के शिकार पर पूरी तरह बैन है। इसके बावजूद तालाब में मछली पकड़ने के लिए अवैध रूप से बारूदी टोटा (क्रूड बम) का उपयोग किया जा रहा था। तालाब में मछलियों की अधिकता वाले स्थानों पर बारूदी विस्फोटक फोड़कर उन्हें मारा जाता है। इसके बाद उन्हें तालाब से निकाला जाता है। हालांकि मामले में फिलहाल पुलिस ने किसी प्रकार का मामला दर्ज नहीं किया है। डीएसपी बोले- अवैध इस्तेमाल पर आजीवन कारावास तक का प्रावधान
बांसवाड़ा डीएसपी गोपीचंद मीणा ने बताया- एचई 36 बारूद से धमाका होता है। बिना लाइसेंस के टोटा या बत्ती बम खरीदना और बेचना, दोनों विस्फोटक अधिनियम के तहत कानूनी अपराध हैं। खदानों में पत्थरों को तोड़ने के लिए इसका उपयोग करते हैं। वहां काम करने वाले मजदूर चुरा कर लाते हैं। फिर अवैध तरीके से उपयोग करते हैं। इसमें आजीवन कारावास तक का प्रावधान है। मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। पहले भी हो चुके हादसे
इससे पहले 19 सितंबर को बांसवाड़ा के खमेरा थाना क्षेत्र के सवनिया ग्राम पंचायत में गौतम (30) पुत्र नारायण के हाथ में बारूदी बम फट गया था। गौतम को लहूलुहान हालत में जिला हॉस्पिटल लेकर गए थे। हालांकि युवक की जान बच गई थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया था और बारूदी टोटा को लेकर पूछताछ की थी। …………. ये खबर भी पढ़िए… कोटा में नाबालिग के हाथ में फटा बम, VIDEO:पांच हड्डियां टूटी, बच्चे का चेहरा झुलसा, आंख पर भी आई चोट कोटा में 16 साल के लड़के के हाथ में पटाखा फूट गया। लड़के के हाथ की 5 हड्डियां टूट गई। इसका वीडियो भी सामने आया है। शहर में पटाखों से हुए हादसे में 150 लोग घायल हुए। पूरी खबर पढ़िए