कुचामन पुलिस बुधवार को रुलानिया हत्याकांड के मुख्य शूटर गणपत गुर्जर को मौका तस्दीक के लिए नावां उपखंड के पास बवली गुड्डा ले गई थी। इस दौरान आरोपी गणपत ने भागने का प्रयास किया, जिससे वह पत्थरों में गिरकर चोटिल हो गया। पुलिस टीम उसे तुरंत कुचामन के जिला अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया। यह घटना सीआई सतपाल सिंह की मौजूदगी में हुई। घटना के बाद जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। डिप्टी एसपी अरविंद बिश्नोई भी अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सीआई ने बताया कि चारों मुख्य आरोपियों का दस दिन का पीसी रिमांड पूरा होने के बाद बुधवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया था। कोर्ट से 48 घंटे का और पीसी रिमांड मिलने के बाद पुलिस गणपत को मौका तस्दीक के लिए बवली मार्ग पर लाई थी। सीआई के अनुसार व्यापारी रमेश रुलानिया की हत्या के बाद आरोपी इसी मार्ग से भागे थे। जांच के दौरान गणपत ने इसी स्थान पर कुछ कपड़े फेंके थे, जिसकी तस्दीक की जा रही थी।
