समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी में देरी, छोटे किसानों को प्राथमिकता, बड़े काश्तकारों की बढ़ी मुश्किलें - Mewar App

समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी में देरी, छोटे किसानों को प्राथमिकता, बड़े काश्तकारों की बढ़ी मुश्किलें

बीना. इस बार गेहूं खरीदी देरी से शुरू हुई है और प्रक्रिया भी सुस्त रफ्तार से चल रही है। मंगलवार से गेहूं खरीदी शुरू हुई है, लेकिन पहले छोटे रकबा वाले किसानों की उपज खरीदी जा रही है। इस नियम ने बड़े किसानों की मुसीबत बढ़ा दी है। किसान अपनी उपज सुरक्षित नहीं रख पा रहे हैं, तो कुछ ने मजबूरी में सस्ते दामों पर बेच दी है।जिन किसानों के पास अधिक मात्रा में गेहूं है, उनके सामने भंडारण की समस्या है। खुले में उपज रखने से आंधी, बारिश आने पर खराब होने का खतरा बना हुआ है। एक किसान ने बताया कि उनकी उपज खलिहार में रखी हुई है और चूहे नुकसान पहुंचा रहे हैं। बिलों के अंदर कई किलो उपज चली गई है। साथ ही उपज में मिट्टी भी मिल गई है, जिससे समर्थन मूल्य केन्द्र पर बेचने में परेशानी आएगी। छोटे और बड़े किसानों की उपज साथ में खरीदी जाती, तो परेशानी नहीं होती। किसान मजबूरी में सस्ते दामों पर मंडी और मील पर गेहूं बेचने के लिए पहुंच रहे हैं और घाटा उठाना पड़ रहा है।