अलवर के सरिस्का टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बढ़ती संख्या को देखते हुए वन विभाग ने बफर जोन का दायरा बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा है। वन विभाग ने करीब 607 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को सरिस्का के बफर जोन में शामिल करने का प्रस्ताव तैयार किया है। इसमें अलवर फॉरेस्ट डिवीजन के कुछ हिस्से भी जोड़े जाएंगे, जिससे बाघों के लिए पर्याप्त क्षेत्र और मूवमेंट कॉरिडोर उपलब्ध हो सके। चीफ कंजर्वेटिव ऑफ फोरेस्ट (सीसीएफ) संग्राम सिंह ने बताया कि सरकार ने इस प्रस्ताव पर विचार के लिए एक कमेटी गठित की है। स्वीकृति मिलने के बाद विस्तारित क्षेत्र को औपचारिक रूप से बफर जोन घोषित किया जाएगा। संग्राम सिंह ने बताया कि सरिस्का से जुड़े गांवों के विस्थापन का काम भी जारी है। सुकोला गांव का सर्वे पूरा कर लिया गया है और इसे तीन महीने में मलिहार जाट क्षेत्र में स्थानांतरित किया जाएगा। इसके साथ ही करास्का गांव के कुछ परिवार भी इस प्रक्रिया में शामिल किए गए हैं। संग्राम सिंह का कहना है कि अन्य गांवों के लिए जमीन तलाशने का काम चल है, जिससे सरिस्का क्षेत्र में ग्रामीण और वन्यजीव संघर्ष को कम किया जा सके। सरिस्का रिजर्व एरिया में से 7 गांव विस्थापित हो चुके हैं, करीब 15 गांव और ढाणी अभी विस्थापित होनी बाकी हैं। सरिस्का बफर जोन में अब कुल 12 टाइगर हो गए हैं, जिनमें 5 नर और 7 मादा बाघ शामिल हैं। हाल ही में बाघिन ST-2302 ने बफर जोन क्षेत्र में दो शावकों को जन्म दिया है। पहली बार दोनों शावक कैमरा ट्रैप में 28 सितंबर को कैद हुए थे, 6 दिन पहले चौड़की होदी वाटर पॉइंट के पास पर्यटकों को दिखे, जिसमें वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर हिमांशु ने पहली बार पर्यटकों के साथ खुद के कमरे में रिकॉर्ड किया था
