राजस्थान में आप अपने स्मार्ट मोबाइल फोन से स्कैन करते ही अवैध शराब के बारे में पता कर सकेंगे। इसके लिए बहुत सामान्य प्रोसेस है जिसे फॉलो करते ही परिणाम आपके सामने आ जाएगा। प्रदेश में अवैध मदिरा के विक्रय की रोकथाम एवं हानिकारक मदिरा के दुष्प्रभावों से बचाव के लिए आबकारी विभाग द्वारा तैयार करवाया गया होलोग्राम स्टीकर जांच पर आधारित ‘राज एक्साईज सिटीजन’ मोबाईल एप्प के माध्यम से मदिरा बोतल के संबंध में पूर्ण सूचना मदिरा क्रेता अथवा उपभोगकर्ता को रियल टाईम में प्राप्त हो जाती है। उदयपुर में आबकारी आयुक्त शिवप्रसाद नकाते ने बताया कि अनाधिकृत स्त्रोत से क्रय की गई मदिरा जहरीली व जानलेवा साबित हो सकती है ऐसे में उपभोगकर्ता को जागरूकता के लिए यह एप्प तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि मोबाईल में डाउनलोड करते ही इस ऐप के माध्यम से मदिरा की बोतल पर लगे होलोग्राम स्टीकर के क्यूआर कोड को स्कैन करने अथवा बोतल पर अंकित क्यूआर नम्बर दर्ज करने पर मदिरा का ब्रांड, अधिकतम मूल्य, पैकिंग साईज, बैच नम्बर, उत्पादन की दिनांक एवं निर्माता का नाम आदि सूचना प्रदर्शित हो जाती है। इस प्रकार मदिरा क्रेता को अधिकृत मदिरा, वास्तविक मूल्य सहित उपयोगी जानकारी रियल टाईम में प्राप्त हो जाती है। ऐप डाउनलोड कैसे कर सकते है
आबकारी विभाग के राज एक्साईज सिटीजन मोबाईल एप्प को कोई भी व्यक्ति गूगल सर्च करके या आबकारी विभाग की वेबसाईट के मुख पृष्ट पर स्केन क्यूआर कोड टू डाउनलोड सिटीजन ऐप के क्यूआर कोड लिंक को स्कैन कर अपने मोबाईल में डाउनलोड कर सकते थे। अवैध शराब या ज्यादा मूल्य पर यहां करे शिकायत कमिश्ननर नकाते ने बताया कि अनाधिकृत मदिरा होने एवं अधिकतम मूल्य से अधिक की मांग किए जाने पर संबंधित जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी निरीक्षक एवं आबकारी आयुक्त कार्यालय के नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नम्बर 18001806436 पर सूचना दी जा सकती है।
