स्मार्ट-सिटी जयपुर को 6 शहरों को स्मार्ट बनाने की जिम्मेदारी:330 करोड़ से मंडावा, खाटूश्यामजी, भिवाड़ी, अलवर, बीकानेर और भरतपुर में होंगे विकास कार्य - Mewar App

स्मार्ट-सिटी जयपुर को 6 शहरों को स्मार्ट बनाने की जिम्मेदारी:330 करोड़ से मंडावा, खाटूश्यामजी, भिवाड़ी, अलवर, बीकानेर और भरतपुर में होंगे विकास कार्य

जयपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड अब केवल राजधानी तक सीमित नहीं रहेगी। राजस्थान अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डवलपमेंट एंड फाइनेंस कॉरपोरेशन ने जयपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड को प्रदेश के छह प्रमुख शहरों मंडावा, खाटूश्यामजी, भिवाड़ी, अलवर, बीकानेर और भरतपुर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की जिम्मेदारी सौंपी है। राज्य सरकार की बजट घोषणा के अनुरूप स्वीकृति दी गई है। इसके तहत 330 रुपए करोड़ से अधिक की लागत से विकास कार्य किए जाएंगे। जयपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड को बनाया PMC
राजस्थान सरकार ने जयपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड को इन शहरों में प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंट (PMC) के रूप में कार्य करने का दायित्व सौंपा है। इसके तहत संस्था मास्टर प्लानिंग, डिजाइनिंग, मॉनिटरिंग, तकनीकी सलाह और कार्य निष्पादन की निगरानी करेगी। इनमें मंडावा में 30 करोड़, खाटूश्यामजी में 30 करोड़, भिवाड़ी में 50 करोड़, अलवर में 60 करोड़, बीकानेर में 80 करोड़ और भरतपुर में 80 करोड़ रुपए की लागत से विकास कार्य करवाए जाएंगे। सड़क, सीवर, ड्रेनेज और बिजली नेटवर्क जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर से होंगे काम
इन शहरों में सड़क, सीवर, ड्रेनेज और बिजली नेटवर्क जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कामकाज के काम होंगे। साथ ही डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट, ओपन डंप खत्म करने जैसे कार्य शामिल हैं। साथ ही 24×7 जलापूर्ति, वर्षा जल संचयन, ट्रीटेड वाटर का पुनः उपयोग होगा। सेंसर आधारित सिग्नल, स्मार्ट पार्किंग, पब्लिक ट्रांसपोर्ट सुधार, साइकिल ट्रैक, सोलर प्रोजेक्ट, प्रदूषण नियंत्रण, सीसीटीवी निगरानी, ऑनलाइन शिकायत निवारण, वाई-फाई जोन जैसे कार्य भी शामिल हैं। बजट घोषणा के अनुरूप 6 शहरों को बेहतर बनाने के लिए जोड़ा
राजस्थान सरकार ने बजट घोषणा के अनुरूप प्रदेश के 6 शहरों को और बेहतर बनाने के लिए इस प्रोजेक्ट से जोड़ा है। ऐसे में अगले कुछ महीनों में ही धरातल पर स्मार्ट सिटी जयपुर लिमिटेड द्वारा प्रोजेक्ट प्लान तैयार कर काम शुरू करना होगा। वहीं सरकार ने जयपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड को प्रदेश के 6 शहरों को स्मार्ट बनाने की जिम्मेदारी दी है। वह जयपुर के स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट से जुड़े विकास कार्यों को अब तक पूरा नहीं कर पाई है। ऐसे में स्मार्ट सिटी जयपुर की लचर कार्यप्रणाली और सीईओ डॉ. निधि पटेल की कार्यशैली को लेकर भी अब सवाल खड़े होने लगे हैं।