नगर निगम कोटा उत्तर और दक्षिण के पार्षदों का कार्यकाल 2 नवंबर को समाप्त हो जाएगा। ऐसे में कई कामों के प्रमाणीकरण का काम जो पार्षद करते थे वह नहीं कर पाऐंगे। इसे देखते हुए हेल्थ निरीक्षकों को इसके लिए अधिकृत किया गया है। नगर निगम कोटा दक्षिण के नेता प्रतिपक्ष विवेक राजवंशी ने उत्तर और दक्षिण निगम के आयुक्त को पत्र लिखकर जनता से जुड़े विभिन्न कार्यों के प्रमाणीकरण के लिए स्वास्थ्य निरीक्षकों को अधिकृत करने का आग्रह किया था। उत्तर निगम आयुक्त अशोक त्यागी और दक्षिण निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा को लिखे पत्र में राजवंशी ने कहा था कि वर्तमान में आमजन के विभिन्न सेवाओं जाति, मूल निवासी, जन्म-मृत्यु, खाद्य सुरक्षा आदि के फॉर्म का वैरिफिकेशन निर्वाचित वार्ड पार्षद करते हैं। लेकिन कार्यकाल खत्म होने के बाद पार्षद ये नहीं कर सकेंगे। ऐसे में आमजन का केवल साइन की वजह से काम नहीं अटके और निगम के चक्कर न लगाने पड़ें इसलिए हेल्थ इंस्पेक्टर्स को अधिकृत किया जाए। साथ ही उन्हें आमजन के कार्य समय पर निष्पादित करने के लिये पाबंद किया जाए, जिससे आमजन को हस्ताक्षरों के अभाव में निगम के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, उनके कार्य सुगमता से हो सके। जिसके बाद निगम उत्तर की तरफ से आदेश जारी कर दिए गए है। अब दो नवंबर के बाद हेल्थ इंस्पेक्टर लोगों के कागजों का प्रमाणीकरण कर सकेंगे।
