Ahmedabad. शहर की ट्रैफिक व्यवस्था अब और स्मार्ट बनने जा रही है। ऐसा इसलिए है क्योंकि अहमदाबाद महानगर पालिका (एएमसी) ने गूगल मैप के साथ मिलकर सड़क प्रबंधन अंतरदृष्टि (आरएमआइ) प्लेटफॉर्म का पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया है। इसके चलते शहर के व्यस्त मार्गों पर वाहनों की संख्या, उनकी गति, वाहनों का ट्रैवल टाइम, अचानक ब्रेकिंग, दुर्घटनाओं की रियल टाइम जानकारी मिल सकेगी। इतना ही नहीं, सड़कों पर बरसाती पानी के भराव और पड़ने वाले बड़े गड्ढों की जानकारी भी रियल-टाइम में मिलेगी। जिससे न सिर्फ शहर में ट्रैफिक जाम और ट्रैफिक की समस्या को हल करने में मदद मिलेगी बल्कि जल जमाव और गड्ढों की समस्या को लेकर भी जल्द छुटकारा दिलाने में यह कदम सहायक होगा।
