कपासन में तीन जोड़ों का सामूहिक निकाह, शिक्षा और बेटियों की सुरक्षा पर दिया संदेश - Mewar App

कपासन में तीन जोड़ों का सामूहिक निकाह, शिक्षा और बेटियों की सुरक्षा पर दिया संदेश

उदयपुर/कपासन। मंसूरी एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसायटी उदयपुर के तत्वावधान में दरगाह शरीफ स्थित अहमद कबीर मंजिल में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मौलाना अंसारूल हक की तिलावत से हुई, जिसके बाद दीवाना शाह माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने नात शरीफ प्रस्तुत की। विशेष अतिथि लतीफ मंसूरी और अजय एस. मेहता ने सामूहिक विवाह के सामाजिक लाभों पर प्रकाश डालते हुए शिक्षा एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।

समारोह में सोसायटी के सदर अब्दुल लतीफ मंसूरी ने अतिथियों का शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। विवाह समारोह में आज़ाद हुसैन मंसूरी, मोहम्मद यासीन खां अशरफी, अल्लाह बेली मंसूरी, हेमराज भाटी, मोहम्मद खां मंसूरी और सैयद अख्तर अली बुखारी सहित समाज के अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। हाफिज आदिल रजा, मोहम्मद खतीब और पेश इमाम मस्जिद मंसूरियान ने तीनों जोड़ों का ईजाब-कबूल कराया और दुआ की। बाबे विलायत से अहमद कबीर मंजिल तक निकली बिन्दोली का भव्य स्वागत किया गया।

सोसायटी के खजांची मोहम्मद यूसुफ मंसूरी ने बताया कि प्रत्येक जोड़े को 21 हजार रुपए का चेक, सिलाई मशीन और अन्य उपहार प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन मोहम्मद अब्बास अशरफी ने किया और अंत में सोसायटी के सदर अब्दुल लतीफ मंसूरी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए सलातो सलाम के साथ समारोह का समापन किया।

Extra Image:
Missing Attachment