मेवाड़ की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं लक्ष्यराज सिंह: धीरेंद्रकृष्ण शास्त्री - Mewar App

मेवाड़ की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं लक्ष्यराज सिंह: धीरेंद्रकृष्ण शास्त्री

उदयपुर। बागेश्वर धाम के महंत धीरेंद्रकृष्ण शास्त्री की सनातन हिंदू एकता पदयात्रा में मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के सदस्य डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने भाग लिया। यह पदयात्रा सोमवार को हरियाणा के पृथला से पलवल के लिए रवाना हुई। डॉ. लक्ष्यराज सिंह ने इससे पहले महंत धीरेंद्रकृष्ण शास्त्री का मेवाड़ी परंपरा के अनुसार स्वागत किया। महंत धीरेंद्रकृष्ण शास्त्री ने कहा कि डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के वंशज हैं और उनमें महाराणा प्रताप की छवि झलकती है। उन्होंने बताया कि मेवाड़ राजपरिवार सदैव सनातन धर्म और संस्कृति का संरक्षक रहा है, और अब लक्ष्यराज सिंह इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं, जो सभी सनातनियों के लिए गर्व की बात है। डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने महंत धीरेंद्रकृष्ण शास्त्री का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें मेवाड़ आने का आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि मेवाड़ राजपरिवार प्राचीनकाल से ही सनातन धर्म के संरक्षण-संवर्धन में अग्रणी रहा है और यह परंपरा पीढ़ी दर पीढ़ी जारी रहेगी। पदयात्रा के दौरान जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। यह यात्रा 7 नवंबर को दिल्ली से शुरू हुई थी और 16 नवंबर को वृंदावन स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर में सम्पन्न होगी।

Extra Image: