उदयपुर। विश्व रेडियोग्राफी दिवस के अवसर पर राजस्थान रेडिएशन टेक्नोलॉजिस्ट एसोसिएशन (RRTA) की ओर से राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन कृषि महाविद्यालय सभागार में किया गया। इस अवसर पर गीतांजली मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ने मेडिकल पार्टनर के रूप में सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उदयपुर विधायक फूल सिंह मीना उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में डॉ. अरविंद शुक्ला, डॉ. संजय गांधी, डॉ. रामअवतार सैनी और डॉ. एन.के. राठौर शामिल रहे। समारोह में ऑर्थोपेडिक विभागाध्यक्ष डॉ. रामअवतार सैनी ने अत्याधुनिक “वैलीस रोबोट” तकनीक पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गीतांजली हॉस्पिटल में इस तकनीक से घुटनों के रिप्लेसमेंट सहित कई जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की जा रही हैं। इस प्रणाली में सर्जरी से पहले सीटी स्कैन की आवश्यकता नहीं होती, जिससे मरीज को अनावश्यक रेडिएशन एक्सपोजर से बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह तकनीक अधिक सटीक, सुरक्षित और शीघ्र रिकवरी सुनिश्चित करती है। सीटीवीएस सर्जन डॉ. संजय गांधी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि रोबोटिक और आधुनिक इमेजिंग तकनीकें हृदय एवं वैस्कुलर सर्जरी को अधिक सुरक्षित और प्रभावी बना रही हैं। समारोह में डॉ. रामअवतार सैनी, डॉ. संजय गांधी और रेडियोलॉजी विभाग के एजीएम शशिराज केनथ को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए लगभग 600 रेडिएशन टेक्नोलॉजिस्ट, विशेषज्ञ और छात्र शामिल हुए। आयोजन का उद्देश्य विकिरण सुरक्षा, नवीन इमेजिंग तकनीकों की जानकारी और चिकित्सा नवाचारों को प्रोत्साहित करना रहा।
