तंबाकू फ्री यूथ कैम्पेन की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक - Mewar App

तंबाकू फ्री यूथ कैम्पेन की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक

उदयपुर/सिरोही। जोधपुर में तंबाकू फ्री यूथ कैम्पेन 3.0 की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता अतिरिक्त संभागीय आयुक्त सुनीता चौधरी ने की। बैठक में चिकित्सा, शिक्षा और पंचायती राज विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान राज्य एनटीसीपी सलाहकार डॉ. नरेंद्र सिंह सक्सेना ने संभाग के विभिन्न जिलों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए अभियान को और प्रभावी रूप से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

सिरोही जिले की ओर से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश खराड़ी के निर्देशन में टीम ने भाग लिया। जिला कार्यक्रम अधिकारी (एनटीसीपी) डॉ. देशबन्धु शर्मा ने जिले में चल रही गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि स्कूलों और कॉलेजों में विद्यार्थियों को तंबाकू के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जा रहा है तथा “तंबाकू मुक्त शपथ अभियान” और “यूथ लीडरशिप प्रोग्राम” जैसे नवाचार लागू किए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत स्तर पर रैलियाँ और संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से भी जनजागरूकता फैलाई जा रही है।

अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ने विभागों को आपसी समन्वय से अभियान को जन-जन तक पहुँचाने के निर्देश दिए। उन्होंने सिरोही जिले में 1 लाख से अधिक विद्यार्थियों द्वारा ली गई तंबाकू मुक्त शपथ की सराहना की और सभी जिलों में नियमित समीक्षा बैठकों के आयोजन पर बल दिया। बैठक के अंत में सभी विभागों ने यह संकल्प लिया कि तंबाकू फ्री यूथ कैम्पेन 3.0 को जन आंदोलन का रूप देकर युवा पीढ़ी को तंबाकू जैसी घातक लत से मुक्त करने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

Extra Image:
Missing Attachment