उदयपुर। अंबा माता सेटेलाइट हॉस्पिटल को नई चिकित्सा सुविधा के रूप में बड़ा विस्तार मिला है। अस्पताल में 18 नए डॉक्टरों की नियुक्ति हुई है, जो अगले चार महीने तक सेवाएं देंगे। साथ ही स्त्री एवं प्रसूति, शिशु रोग और एनेस्थिसिया की तीन नई यूनिट भी शुरू की गई हैं। इसके बाद रोटेशन के आधार पर अन्य यूनिट संचालित होंगी। अब अस्पताल में छह ओपीडी नियमित रूप से संचालित होंगी। इससे शहरी क्षेत्र के लोगों को न केवल रात्रि के समय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी, बल्कि दिन में भी इमरजेंसी में डॉक्टरों की उपलब्धता आसान होगी। अधीक्षक डॉ. राहुल जैन ने बताया कि अब अस्पताल में कुल 30 चिकित्सक कार्यरत रहेंगे। आरएनटी मेडिकल कॉलेज के सहयोग से यह पहल की गई है, ताकि क्षेत्र के लोगों को अपने ही इलाके में बेहतर उपचार मिल सके। 100 बेड वाले इस अस्पताल में एक सामान्य और एक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर है। यहां प्रतिमाह करीब 40 प्रसव और प्रतिदिन लगभग 1000 ओपीडी मरीजों के साथ 120 से अधिक भर्ती की सुविधा उपलब्ध है।
अंबा माता सेटेलाइट अस्पताल को मिला नया स्वरूप, 18 डॉक्टरों की टीम ने संभाली जिम्मेदारी
Extra Image:
Missing Attachment
